पंजाब में पूर्व कांग्रेसी मंत्री संगत सिंह गिलजियां को झटका लगा है। गिलजियां ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दायर अपने खिलाफ दर्ज केस खारिज करने की मांग की थी। बुधवार को इस मामले में हाईकोर्ट ने कहा कि यह अर्जेंट पिटीशन नहीं है और इसकी रेगुलर सुनवाई की जा सकती है। हाईकोर्ट में अभी छुटि्टयां चल रही हैं। अगर गिलजियां को अग्रिम जमानत चाहिए तो वह लोअर कोर्ट जा सकते हैं।
उधर संगत सिंह गिलजियां गिरफ्तारी से बचने के लिए कई दिनों से अंडरग्राउंड हैं। वह गिरफ्तारी से पहले राहत पाना चाहते थे मगर HC ने कहा कि अगर गिलजियां को मामला अर्जेंट लगता है तो वह अग्रिम जमानत के लिए याचिका दायर कर सकते हैं।
विजिलेंस कर रही गिलजियां की तलाश
पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने जंगलात घोटाले में केस दर्ज किया था। जिसमें पूर्व कांग्रेसी मंत्री साधु सिंह धर्मसोत के साथ संगत सिंह गिलजियां को भी नामजद किया था। धर्मसोत को विजिलेंस ने अमलोह स्थित घर से सुबह 3 बजे गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद इसमें नाम होने का पता चला तो गिलजियां अंडरग्राउंड हो गए। विजिलेंस उनसे पूछताछ के लिए तलाश कर रही है।
गिलजियां पर ट्री-गार्ड खरीद में घपले का आरोप
विजिलेंस ब्यूरो की तरफ से दर्ज केस में कहा गया है कि गिलजियां के जंगलात मंत्री रहते ट्री-गार्ड खरीदे गए थे। इनमें करीब 6 करोड़ रुपए से ज्यादा की गड़बड़ी हुई। गिलजियां को जंगलात अफसरों से पूछताछ में हुए खुलासे के बाद केस में नामजद किया गया था।