होशियारपुर, 2 जून (इंदरजीत सिंह हीरा) : भाजपा नेता व पूर्व कैबिनेट मंत्री तीक्ष्ण सूद, पूर्व मेयर शिव सूद, विजय पठानिया, विनोद परमार, सतीश बावा के द्वारा जारी प्रेस नोट में कहा गया है कि आर्थिक दृष्टि से देखा जाए तो मोदी सरकार की बीते 9 वर्ष एक स्वर्णिम युग के तौर पर जाने जाएंगे। मोदी सरकार के कार्यकाल में भारत ने आर्थिक मोर्चे पर सर्वपक्षीय उन्नति की है, भारत का निर्यात सुरक्षा उपकरणों समेत सभी वस्तुओं पर तेजी से बढ़ रहा है। इस दौरान नोटबंदी तथा जी.एस.टी. जैसे क्रान्तिकारी फैसले लिए गए हैं, जिससे काले धन में भारी गिरावट तथा सरकार की आय में अभूतपूर्ण बढ़ोतरी हुई है, जो कि देश के विकास की गति को बड़ी तेजी से आगे बढ़ा रही है।
आर्थिक मोर्चे पर भारत की सही दिशा में नीतियों के कारण पाकिस्तान आर्थिक रूप से लड़खड़ा गया है। डिजिटल लेनदेन से भी अर्थव्यवस्था को काफी ऊर्जा मिली है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की आर्थिक मोर्चे पर मजबूती का डंका आज सारी दुनिया में बज रहा है। हाल ही में जारी हुई मोर्गन स्टेनले की रिपोर्ट ने भारत की आर्थिक नीति की प्रशंसा करते हुए इसकी तेजी से बढ़ रही मजबूती पर मोहर लगाते हुए कहा है कि एक दशक से भी कम समय में भारत बदल गया है। तेजी से बढ़ती हुई अर्थव्यवस्था के कारण आज भारत चौथी वैश्विक आर्थिक शक्ति बन गया है, जो कि सभी भारतवासियों के लिए गौरव का विषय है। इस सभी उपलब्धियों के पीछे मोदी सरकार की जन-धन योजना, मुद्रा योजना, कौशल विकास योजना तथा मेक इन इंडिया जैसे कार्यक्रमों की महत्वपूर्ण भूमिका है।