लुधियाना, 03 जुलाई (ब्यूरो) : महानगर के ढंडारी कलां की मक्कड़ कालोनी में स्थित एशियन पेंट के नकली गोदाम पर पुलिस ने आज छापेमारी कर वहां से 140 नकली पेंट के डिब्बे बरामद किए हैं। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान नकली पेंट बेचने वाले एक व्यक्ति को भी शिकंजे में लिया है। एशियन पेंट के इस गोदाम से भारी मात्रा में नकली पेंट बरामद किया है, जिसके बाद पुलिस छानबीन में जुट गई है।
वहीं दूसरी तरफ जांच अधिकारी ए.एस.आई. जसविंदर सिंह ने बताया कि उसकी पहचान चंडीगढ़ रोड अर्बन इस्टेट फेस-2 निवासी शविंदर पाल सिंह के रूप में हुई। पुलिस ने नई दिल्ली के मयूर विहार स्थित जेबी कांप्लेक्स के श्री राम भगत सिंह की शिकायत पर उसके खिलाफ केस दर्ज किया है। शिकायत करने वाले ने कहा था कि वह नकली एशियन पेंट बना कर मार्केट में असली बताकर बेचता है। जिसके बाद सूचना के आधार पर पुलिस ने दबिश देकर उसे काबू कर लिया गया।